कोरोना वायरस के कारण आगरा में पहली मौत, एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती महिला ने तोड़ा दम
सार
नीदरलैंड से लौटा था पौत्र, पौत्र में नहीं मिले लक्षण, दादी को हुआ कोरोना
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 76 साल की बुजुर्ग महिला ने बुधवार को दम तोड़ दिया है। बुजुर्ग महिला का पौत्र नीदरलैंड से यात्रा कर लौटा था।
दादी को अस्थमा था। 10 दिन मुगल रोड स्थित दो अस्पतालों में अस्थमा का ही उपचार चला। तबीयत बिगड़ने पर नमूने लिए गए तो कोरोना निकला। इसके बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
डीएम प्रभु एन सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा महिला को विदेश से लौटे पौत्र से संक्रमण मिला था। डीएम ने कहा कि बच्चों और बुजर्गों को खास एहितयात बरतनी चाहिए।
इसलिए हमारे बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा महिला एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थीं और पहले से ही स्थिति खराब थी। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका
बता दें कि आगरा में अब तक 65 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिले हैं। बुधवार को देहात क्षेत्र सैंया में मां-बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।